देश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा : ड्राइवर समेत 8 गिरफ्तार

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के साथ-साथ ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने अपना इस्तीफा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को सौंप दिया है। ट्रस्टी नृपेंद्र मिश्रा ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें दोनों के इस्तीफे की सूचना मिल चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक इस कार्रवाई की आंच मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव तक भी पहुंची है और उन्हें भी मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। गौरतलब है कि पूरे मंदिर प्रबंधन की कमान चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के पास थी, इसमें चंपत राय सबसे रसूखदार माने जाते थे। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे के दौरान चंपत राय को कार्यक्रम से दूर रखा गया था, जिसके बाद से उनके हटाए जाने की सुगबुगाहट तेज हो गई थी।

अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, पहली FIR दर्ज

इस चोरी मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए चंपत राय के ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्हें पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। इससे पहले, गुरुवार देर शाम ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर मामले में पहली FIR दर्ज की गई, हालांकि इस शुरुआती FIR में चंपत राय या डॉ. अनिल मिश्रा जैसे बड़े पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं हैं।

देश की सियासत गरमाई

इस घटनाक्रम के बाद देश की सियासत भी गरमा गई है और विपक्षी नेताओं ने ट्रस्ट व सरकार को आड़े हाथों लिया है।राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा राम मंदिर के लिए उद्धव ठाकरे द्वारा दान की गई 4 किलो चांदी की ईंट कहां गई? अब इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने का समय आ गया है।

दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने कहा जिन्होंने रामलला के दरबार में यह महापाप किया है, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वर्तमान FIR महज एक दिखावा है, इसके जरिए पर्दे के पीछे बैठे बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

Related Posts