यूपी में कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे हुक्का बार का खुलासा किया है. जरौली फेस-5 स्थित जोन रेस्टोरेंट में बाहर से सामान्य रेस्टोरेंट की तरह गतिविधियां संचालित हो रही थीं, लेकिन पुलिस को यहां हुक्का परोसे जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद गुजैनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की.
पुलिस की कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी की भनक लगते ही हुक्का पी रहे कुछ युवक मौके से निकलने में कामयाब हो गए. हालांकि पुलिस ने कथित हुक्का बार संचालक रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया.
हुक्का, चिलम और फ्लेवर समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को रेस्टोरेंट से हुक्का बार में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला. बरामदगी में तीन हुक्का, पांच चिलम, पांच पाइप, एक कोल पैकेट, एक व्हाइट बॉक्स, फ्लेवर के तीन बॉक्स और कई सिगरेट शामिल हैं. इसके अलावा हुक्का फ्लेवर और तंबाकू से संबंधित सामग्री भी बरामद की गई है. पुलिस ने मौके से मिले सामान कोलंबी पूछताछ के बाद उसके खिलाफ गुजैनी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि रेस्टोरेंट में कब से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था और इस गतिविधि में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं. कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार संचालक से पूछताछ की जा रही है.
हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद कानपुर में तेज हुआ अभियान
शहर में अवैध हुक्का बार के संचालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से पिछले कई दिनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान को ‘Say No To Drugs’ नाम दिया गया है. इसके तहत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और बैंक्वेट हॉल में अवैध रूप से हुक्का परोसे जाने की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर कुछ दिन पहले विशेष ऑपरेशन टीम का गठन किया गया था. अभियान के तहत शहर के पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी जोन में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं. करीब 250 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और बैंक्वेट हॉल में हुक्का परोसे जाने की सूचनाओं के आधार पर जांच और छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है.
30 से ज्यादा लोगों पर दर्ज हो चुके हैं मुकदमे
‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत कार्रवाई की जिम्मेदारी एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन टांडा को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है. अभियान के दौरान अब तक 30 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं. पुलिस की टीमें दिन और रात दोनों समय अलग-अलग इलाकों में निगरानी और छापेमारी कर रही हैं.
पुलिस का विशेष फोकस उन प्रतिष्ठानों पर है, जहां रेस्टोरेंट या कैफे की आड़ में हुक्का बार संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं. अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन कर इस तरह की गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने कहा है कि अवैध हुक्का बार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. इस संबंध में लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की टीम को भी सक्रिय किया गया है, ताकि ऐसे प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाकर समय रहते कार्रवाई की जा सके
कमिश्नरेट के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके क्षेत्रों में अवैध हुक्का बार किसी भी स्थिति में संचालित न होने पाएं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान केवल छापेमारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी भी की जाएगी. गुजैनी के जरौली फेस-5 में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है. पुलिस अब गिरफ्तार संचालक से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.






