देश

महिला पैसेंजर को किडनैप करना चाहते थे 6 लोग, मदद करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला, फिर हुआ बड़ा खुलासा

केरल के कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंम मच गया, जब पार्किंग एरिया से करीब आधा दर्जन लोगों ने एक महिला पैसेंजर को किडनैप करने की कोशिश की. किडनैपर इतने बैखौफ थे कि उन्‍होंने पहले पुलिस टीम पर हमला कर दिया और फिर एक पुलिस अधिकारी को कार से कुचलने की कोशिश की. इस हमले में एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की खबर है. गनीमत रह रही कि आखिरकार पुलिस महिला पैसेंजर को बचाने में सफल रही. साथ ही, पुलिस ने किडनैपर्स के दो साथियों को धर दबोचा.
यहां तक पुलिस और मौके पर मौजूद सभी लोगों के जहन में सिर्फ एक ही सवाल चल रहा था कि आखिर ये लोग महिला पैसेंजर को किडनैप क्‍यों करना चाहते थें. वहीं जब मामले का जब जवाब मिला तो पुलिस टीम भी चौंकने को मजबूर हो गई. इतना ही नहीं, जब पूरा मामला सामने आ गया, तब पुलिस ने उस महिला पैसेंजर को भी हिरासत में ले लिया. इसके बाद, महिला पैसेंजर को कस्‍टम के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया. पुलिस अब महिला को किडनैप करने आए अन्‍य चार लोगों की तलाश में जुट गई है.
महिला पैसेंजर की तलाशी के बाद खुला राज
दरअसल, यह पूरा मामला सोने की तस्‍करी से जुड़ा हुआ था. पुलिस ने महिला पैसेंजर के कब्‍जे से करीब 800 ग्राम सोना बरामद किया है. इस सोने को लेकर महिला पैसेंजर के पास कोई भी वैद्य दस्‍तावेज नहीं था और वह कस्‍टम अधिकारियों को चकमा देकर एयरपोर्ट से बाहर निकलने में सफल रही थी. माना जा रहा है कि इस सोने को हासिल करने के लिए किडनैपर्स ने इस महिला पैसेंजर को किडनैप करने की कोशिश की थी. पुलिस ने महिला पैसेंजर का पार्किंग एरिया में इंतजार कर रहे शख्‍स को भी हिरासत में लेकर कस्‍टम के हवाले कर दिया है.

आखिर कालीकट एयरपोर्ट में हुआ क्‍या था?
एयरपोर्ट सिक्‍योरिटी के सीनियर ऑफिसर के अनुसार, यह महिला पैसेंजर अपनी विदेश यात्रा पूरी कर कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची थी. इस महिला पैसेंजर को रिसीव करने के लिए एक शख्‍स आया था, जो उसका पार्किंग एरिया में इंतजार कर रहा था. यह महिला पैसेंजर जैसे ही एयरपोर्ट टर्मिनल से बाहर निकलकर पार्किंग की तरफ बढ़ने लगी, तभी छह लोगों ने उसे घेर लिया. ये सभी लोग महिला पैसेंजर को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे. खुद को बचाने के लिए महिला ने चीखना शुरू कर दिया.

किडनैपर्स ने पुलिस टीम पर भी किया हमला
सीनियर ऑफिसर के अनुसार, महिला की चींख कुछ ही दूरी पर मौजूद पुलिस टीम तक पहुंच गई. इसके बाद, पुलिस टीम ने महिला पैसेंजर को बचाने के लिए उसकी तरफ दौड़ लगा थी. पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देखने के बाद भी किडनैपर्स के चेहरे पर कोई सिकन नहीं आई और वह महिला को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते रहे. इतना ही नहीं, जब पुलिस टीम करीब पहुंची तो किडनैपर्स ने उन पर भी हमला कर दिया. इस हमले में करीपुर पुलिस स्‍टेशन के एक अधिकारी भी घायल हो गए. इसी बीच पुलिस दो किडनैपर्स को दबोचने में कामयाब रही.

पुलिस अफसर को कार से कुचलने की कोशिश
पुलिसकर्मियों को भारी पड़ता देख, चार किडनैपर्स अपनी कार में बैठे और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे. पुलिस टीम ने जब उन्‍हें रोकने की कोशिश की तो किडनैपर्स ने पुलिस कर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की. गनीमत रही कि इस कोशिश में बाकी पुलिस कर्मी तो बच गए, लेकिन एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से जख्‍मी हो गए. पुलिस ने फरार हुए किडनैपर्स की तलाश में जुट गई है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि ये सभी नादापुरम इलाके के रहने वाले हैं.
टॉप वीडियो

Related Posts