साजा। बेमेतरा जिले के परपोड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है और ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
आम खिलाने के बहाने ले गया आरोपी
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम की है। आरोपी रेखराम 40 वर्ष ने घर के पास खेल रही मासूम को आम खिलाने का लालच दिया और उसे अपने साथ सुनसान जगह पर ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत शुरू कर दी। किसी तरह मासूम आरोपी के चंगुल से छूटकर घर भागी और रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई।

पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल
मामले में पुलिस की संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद बुधवार शाम को ही परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने महिला स्टाफ नहीं होने का हवाला देते हुए बच्ची का मुलायजा नहीं कराया। घटना के करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद गुरुवार को पुलिस बच्ची को साजा अस्पताल लेकर पहुंची। जिला मुख्यालय से महिला पुलिस अधिकारी के पहुंचने के बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।
आरोपी हिरासत में, ग्रामीणों में गुस्सा
परपोड़ी पुलिस ने आरोपी रेखराम को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मासूम बच्चों के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों और पुलिस की देरी से की गई कार्रवाई प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हां, मामला दर्ज कर लिया गया है
हां, जांच और बयान के लिए बेमेतरा से महिला पुलिस अधिकारी को बुलाया गया था।मामला दर्ज कर लिया गया है।
विनय कुमार साहू, एसडीओपी, बेरला






