बालोद। जिला मुख्यालय बालोद से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक शराब उपभोक्ता को सीलबंद देसी शराब की बोतल (पौवा) के भीतर कांच के कई टुकड़े मिले हैं। इस घटना के बाद से जिले के शराब प्रेमियों में हड़कंप मच गया है। यह वाकया शराब उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि वे जल्दबाजी में शराब का सेवन न करें, बल्कि पहले बोतल की अच्छी तरह जांच-परख कर लें।
तांदुला डेम के पास स्थित दुकान का मामला
जानकारी के अनुसार एक उपभोक्ता ने जिला मुख्यालय स्थित तांदुला डेम के किनारे संचालित देसी शराब दुकान से ‘रोमियो’ ब्रांड का देसी शराब का एक पौवा खरीदा था। शराब का सेवन करने से ठीक पहले जब उसने बोतल को रोशनी में घुमाकर देखा, तो उसके होश उड़ गए। बोतल पूरी तरह सीलबंद थी, लेकिन उसके भीतर कांच के जैसे दिखने वाले कई छोटे-छोटे नुकीले टुकड़े साफ तौर पर दिख थे।
उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था पर उठे सवाल
सीलबंद बोतल के भीतर कांच के टुकड़े मिलना कोई सामान्य बात नहीं है। इस घटना ने सीधे तौर पर शराब के उत्पादन (मैन्युफैक्चरिंग), बॉटलिंग प्लांट की लापरवाही और आबकारी विभाग की आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर पीड़ित ने बिना देखे शराब का सेवन कर लिया होता, तो कांच के टुकड़े पेट में जाने से उसकी जान पर बन सकती थी।
गुणवत्ता जांच की मांग
इस घटना की खबर फैलते ही जिले के शराब उपभोक्ताओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि शराब की गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया को और अधिक कड़ा और पारदर्शी बनाया जाए। लोगों का कहना है कि सरकार को इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार बॉटलिंग प्लांट और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता की जान के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो सके।






