रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आमानाका थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब नंबर के ट्रेलर के जरिए मादक पदार्थों की खेप खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 15.25 लाख रुपये कीमत के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
टाटीबंध इलाके में पुलिस की दबिश
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने एक संदिग्ध ट्रेलर (क्रमांक PB 05 AB 9313) खड़ा है। सूचना के मुताबिक, वाहन का चालक भारी मात्रा में अफीम और डोडा चूरा लेकर उसे बेचने की फिराक में था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देशन और एडीसीपी राहुल देव शर्मा व एसीपी देवांश राठौर के पर्यवेक्षण में आमानाका थाना प्रभारी ने विशेष टीम के साथ मौके पर दबिश दी।
अमृतसर का निवासी निकला आरोपी
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की, तो उसकी पहचान बलराम सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से अमृतसर (पंजाब) का निवासी है, जो वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर इलाके में रह रहा था।
तलाशी में बरामदगी
पुलिस ने जब ट्रक की तलासी ली तो उसमें 4.432 किलो डोडा चूरा और अफीम 79 ग्राम, कुल अनुमानित कीमत 15.25 लाख अंकी गई है।
फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
आरोपी बलराम सिंह के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की गहराई तक पहुँचने की कोशिश कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और रायपुर में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।






