छत्तीसगढ़

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे राहुल गांधी : जिलाध्यक्षों को दिया एकजुटता और ‘जल-जंगल-जमीन’ के मुद्दों पर लड़ने का मंत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। शिविर में पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने सीधे जिलाध्यक्षों से मुलाकात की और एक-एक करके सभी से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर नेताओं को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

गुटबाजी से दूर रहें, अंतिम कार्यकर्ता को जोड़ें : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दो में कहा कि वे गुटबाजी से पूरी तरह दूर रहें और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें। उन्होंने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा – संगठन में अधिक से अधिक नए लोगों को जोड़ें। पार्टी के अंतिम कार्यकर्ता को भी सम्मान मिलना चाहिए और उसे साथ लेकर आगे बढ़ना है। प्रदेश में पार्टी की स्थिति मजबूत है, बस सभी को आपसी समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता है।

‘जल, जंगल और जमीन’ के मुद्दों पर बड़ा आंदोलन, बैज कर रहे तैयारी

राहुल गांधी ने स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के निवासियों के हितों की रक्षा के लिए ‘जल, जंगल और जमीन’ के विषयों को प्रमुखता से उठाया जाए।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इन मुद्दों को लेकर एक बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं, जिसके सिलसिले में राहुल गांधी एक बार फिर छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं। राहुल गांधी ने नेताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र की 12 साल की मोदी सरकार और राज्य की ढाई साल की भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाएं।

टिकट वितरण में DCC को मिला बड़ा पॉवर

जिलाध्यक्षों के अधिकारों को लेकर राहुल गांधी ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रत्याशियों का चयन जिलाध्यक्षों की रिपोर्ट के आधार पर ही किया जाएगा। उन्होंने हिदायत दी- जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में रहें,            जो वरिष्ठ नेता संगठन का सहयोग नहीं करते, उनकी रिपोर्ट सीधे प्रदेश अध्यक्ष को दें। यदि वहां से भी समाधान नहीं मिलता है, तो सीधे केंद्रीय नेतृत्व (राहुल गांधी) तक अपनी बात पहुंचाएं।

कार्यकर्ताओं को दें पूरा सम्मान : सचिन पायलट

प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भी शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और इसका लाभ उठाने के लिए कार्यकर्ताओं को महत्व और सम्मान देना जरूरी है। वहीं पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत इन जिला अध्यक्षों का चयन किया गया है, जिन्हें जनता की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाना है।

बंद कमरे में दिग्गज नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा

प्रशिक्षण शिविर स्थल (अग्रवाल मंगल भवन) पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने प्रदेश के शीर्ष नेताओं के साथ बंद कमरे में अलग से बैठक की। इस उच्च स्तरीय चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डॉ. चरणदास महंत, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट मौजूद रहे। राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और आगामी कार्यक्रमों को लेकर नेताओं का मार्गदर्शन किया।

 

Related Posts