पुणे। पुणे के हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। मंगेतर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी से पुलिस रिमांड में कड़ाई से पूछताछ कर रही है। इस बीच घटनास्थल लोहगढ़ किले के सुरक्षाकर्मी के बयान और सिया के माता-पिता के बयानों ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
यहां से कोई गिर गया है… किले के गार्ड का बड़ा दावा
लोहगढ़ किले के गार्ड धीरज जाधव ने पुलिस को बताया कि 18 जून की घटना के वक्त उसने अचानक चीख-पुकार सुनी थी। जब वह आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा, तो मुख्य आरोपी सिया गोयल मदद के लिए चिल्ला रही थी। गार्ड धीरज के मुताबिक – मैंने जब सिया से पूछा कि क्या हुआ, तो उसने घबराते हुए कहा कि यहां से कोई नीचे गिर गया है। इसके बाद मैंने तुरंत पुलिस को इस हादसे की सूचना दी।
पुलिस का मानना है कि यह सिया की सोची-समझी साजिश का हिस्सा था, ताकि मर्डर को एक महज हादसा साबित किया जा सके।
मां-बाप का बड़ा बयान : बेटी गुनहगार है तो मिले सबसे कड़ी सजा
इस खौफनाक वारदात के सामने आने के बाद सिया के परिवार वाले भी हैरान हैं। सिया की मां पूजा गोयल ने भावुक होते हुए कहा- इस मामले में जो भी दोषी है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। अगर मेरी खुद की बेटी भी दोषी है, तो उसे भी उसी जगह किले से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था।
शादी से खुश थी सिया
मां का दावा है कि सिया इस शादी से बहुत खुश थी और सगाई के बाद सिर्फ केतन से बात करती थी। उन्हें प्रेमी चेतन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पिता प्रवीण गोयल ने बताया कि केतन और सिया एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। घटना के दिन केतन ही कार लेकर आया था और सिया को फोन कर लोहगढ़ किला घूमने ले गया था।
कैफे में बनी थी मर्डर की प्लानिंग, ‘प्लान-बी’ भी था तैयार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या से ठीक एक दिन पहले 17 जून को सिया और उसका प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे। न्यूज़ एजेंसी IANS के अनुसार, इसी कैफे में केतन को खाई में धक्का देने का फाइनल ब्लूप्रिंट तैयार हुआ था।
31 मई को आया था आइडिया
इससे पहले 31 मई को जब केतन और सिया लोहगढ़ किला गए थे, तब केतन एक खतरनाक ढलान पर बैठा था। उसे देखकर ही सिया के दिमाग में हत्या का आइडिया आया।
14 जून को फेल हुई थी पहली कोशिश
14 जून को भी केतन को धक्का देने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह बच गया। तब सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर बात को टाल दिया था।
रोड एक्सीडेंट का था बैकअप प्लान
आरोपियों ने तय किया था कि अगर केतन 18 जून को किले से गिरने के बाद भी बच जाता है, तो 20 जून के बाद उसे एक सड़क हादसे में मारने का प्लान-बी एक्टिव किया जाएगा।
रिमांड में आमने-सामने बैठे प्रेमी-प्रेमिका, एक-दूसरे पर मढ़ रहे दोष
केतन मर्डर केस में उसकी मंगेतर सिया और सिया के लवर चेतन को 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात दोनों से आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस दौरान दोनों का रवैया पूरी तरह बदल गया। चेतन ने पुलिस से कहा कि वह सिया के साथ भागना चाहता था, लेकिन सिया तैयार नहीं थी। केतन को रास्ते से हटाने और मर्डर का पूरा प्लान सिया ने ही जिद करके बनाया था।
इतना कहते ही सिया ने चेतन पर पलटवार किया। उसने कहा कि हत्या का आइडिया चेतन का था। जब 14 जून को पहली बार केतन को मारने की कोशिश नाकाम रही थी, तब चेतन उसके सामने रोया था कि उसका प्लान फेल हो गया। हालांकि जांच अधिकारियों का कहना है कि ये आरोपियों की डिफेंस स्ट्रेटेजी हो सकती है। पुलिस के पास पर्याप्त सबूत हैं।






