रायपुर| मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही राज्य के उत्तरी भाग सरगुजा संभाग और आस-पास के जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने इस संबंध में लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
बांधों के खुले गेट, नदियों का बढ़ा जलस्तर
हालिया दौर की झमाझम बारिश से राज्य की नदियां और नाले उफान पर हैं। रायगढ़ में केलो बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ना पड़ा है, जिससे निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बलौदाबाजार में महानदी पर बने कई एनीकट कम ऊंचाई वाले बांध जलमग्न हो चुके हैं, जिससे दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है।
मौसम विभाग की सलाह
आकाशीय बिजली चमकने या गरजने के दौरान भूलकर भी पेड़ों के नीचे आश्रय न लें। पानी से भरे रास्तों और उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। ग्रामीण इलाकों में किसानों को खराब मौसम के दौरान खेतों में न जाने की हिदायत दी गई है।






