छत्तीसगढ़

तीन गांवों के 27 मकानों पर चला प्रशासन का बुलडोजर : अवैध कब्जा हटाने पहले दिया गया था नोटिस 

गुरूर। विकासखण्ड में गुरूवार को अवैध अतिक्रमणकारियों को प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया। गुरूवार को एक ही दिन में तीन ग्रामों में एक के बाद एक कुल 27 अतिक्रमणों को तोड़ा गया। शेष अतिक्रमणों को आगामी दिवसो में तोड़ा जाएगा।

गुरूवार को विकासखण्ड के नवनिर्मित नगर पंचायत पलारी में सबसे पहले अतिक्रमण तोड़ने की कार्यवाही की गई। यहां कुल 13 अतिक्रमणों को तोड़ा गया। प्रशासन ने अतिक्रमण तोड़ने के पूर्व सबको अपना अतिक्रमण स्वत: से हटाने का निर्देश दिया था। उनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाने के बाद बेदखली वारंट जारी किया गया एवं कुल 13 अतिक्रमण को तोड़ा गया। पलारी में बीते कई माह से रूक रूककर अतिक्रमण तोड़ने का क्रम जारी है। पलारी में ग्रामीणों के आवेदन पर हाई कोर्ट ने अतिक्रमण को तोड़ने का आदेश दो साल पूर्व किया था।

गुरूवार को ही अतिक्रमण तोड़ू दस्ता ने ग्राम कंवर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। यहां ग्रामीणों व पंचायत की शिकायत व पटवारी के प्रतिवेदन के आधार पर 8 अतिक्रमणों को चिन्हांकित किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी जब अतिक्रमणकारियों ने कब्जा नहीं छोड़ा तब प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर यहां 7 अतिक्रमण को तोड़ा। शेष आगामी दिवस में तोड़ा जाएगा।


प्रशासन ने ग्राम बोड़रा में भी गुरूवार को ही अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही की है। यहां कुल 7 अतिक्रमण को तोड़ा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां 10 अतिक्रमणों को चिन्हांकित किया गया था। समय के अभाव में सभी अतिक्रमणों को तोड़़ा नहीं जा सका। आने वाले दिनों में प्रशासन द्वारा शेष अतिक्रमणों को तोड़ा जाएगा।

अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल जिसमे महिला पुलिस भी थी इस दौरान उपस्थित थी। तीनों ही जगह प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशासन ने अतिक्रमण तोड़ने के पूर्व सभी अतिक्रमणधारियों को नोटिस देने, बेदखली आदेश जारी कर समय दिया गया था एवं पुरी तैयारी के सांथ अतिक्रमण तोड़ने की कार्यवाही की गई।

Related Posts