छत्तीसगढ़

सक्ती में 11 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने लिया जायजा

कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ग्राम जेठा पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*हर व्यवस्था की बारीकी से ली जानकारी*

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने सर्वप्रथम कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए रूट मैप का अवलोकन किया। इसके बाद मुख्य मंच, टेंट एवं पंडाल, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बायो टॉयलेट, बैरिकेटिंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अतिथियों के आगमन एवं निकासी से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, हितग्राहियों और आमजनों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने कहा। उन्होंने पर्याप्त पार्किंग, सुचारू यातायात, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था तथा कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन*
उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर को ग्राम जेठा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के गृह प्रवेश तथा पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आमजनों के शामिल होने की संभावना है।

*जनप्रतिनिधियों से भी की भेंट-मुलाकात*
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिले के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी भेंट-मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम को वृहद और व्यवस्थित स्वरूप देने में जिला प्रशासन को पूरा सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का कार्यक्रम है और इसे बेहतर ढंग से आयोजित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव सुश्री ऋचा शर्मा, वीबी जीरामजी आयुक्त श्री तारन प्रकाश सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया सहित कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर तथा अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts