जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटाडबरी में स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लांट के फर्नेश भट्टी में अचानक पंचर होने की वजह से लोहा गलाने वाला खौलता हुआ लावा बाहर बहने लगा, जिससे वहां कार्यरत कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
धुएं के गुबार से सहमे लोग
घटना के दौरान प्लांट परिसर से धुएं का काला और घना गुबार उठता हुआ दिखाई दिया, जिसे काफी दूर से भी देखा जा सकता था। दहकते लावे के बाहर आने से भट्टी के आसपास का तापमान तेजी से बढ़ गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त कोई भी श्रमिक लावे की चपेट में नहीं आया, वरना एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
प्रबंधन ने इसे ‘साधारण घटना’ करार दिया
इतनी बड़ी घटना और मची अफरा-तफरी के बावजूद प्रकाश इंडस्ट्रीज प्रबंधन ने इसे गंभीरता से लेने के बजाय ‘साधारण घटना’ करार दिया है। हालांकि, घटना के जो वीडियो सामने आए हैं, वे प्रबंधन के दावों के उलट स्थिति की गंभीरता को बयां कर रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फर्नेश पंचर होने के बाद स्थिति कितनी भयावह हो गई थी।






