छत्तीसगढ़

चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों पर पुलिस कारवाई : 6 संचालकों पर FIR

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त को पूरी तरह रोकने के लिए पुलिस ने कबाड़ियों के खिलाफ एक बड़ा सघन अभियान शुरू किया है। नॉर्थ जोन पुलिस की अलग-अलग टीमों ने खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्र के कबाड़ी दुकानों और यार्डों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 6 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 38 हजार रुपए मूल्य का स्क्रैप (कबाड़) और अन्य संदेहास्पद सामग्रियां जब्त की हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि चोरी का माल खपाने वाले कबाड़ियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

 आला अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों ने दी दबिश

यह पूरा अभियान पुलिस उपायुक्त (DCC) नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के कड़े निर्देशन में चलाया गया। कबाड़ियों के ठिकानों पर अचानक घेराबंदी करने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और एसीपी (उरला) पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने चिन्हित किए गए कबाड़ी यार्डों पर एक साथ दबिश दी, जिससे कबाड़ संचालकों में हड़कंप मच गया।

6 कबाड़ियों पर गिरी गाज, लोहा और गाड़ियां जब्त

पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कबाड़ के साथ-साथ माल परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को भी जब्त किया है-

खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा में संचालित विजय टंडन और अवध राम नवरंगे की कबाड़ी दुकानों पर छापा मारा गया। यहाँ से भारी मात्रा में लोहे के पाइप, तार और स्क्रैप बरामद किया गया।

गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के पुलिस टीम ने गिरधारी साहू और आदर्श गोयल के ठिकानों पर छापेमारी की। यहाँ से भी पुलिस ने अवैध रूप से जमा किया गया लोहे का स्क्रैप जब्त किया।

उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क स्थित रमन के यार्ड से लोहे के पाइप और सरिया बरामद किए गए। वहीं, सरोरा स्थित एस.एल. ट्रेडर्स पर भी दबिश देकर लोहे के संदेहास्पद पाइप जब्त किए गए।

नए कानून के तहत दर्ज हुआ केस

पकड़े गए सभी 6 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने रायपुर के सभी कबाड़ी और यार्ड संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे किसी भी अज्ञात या संदेहास्पद व्यक्ति से लोहा, तांबा, केबल या अन्य कोई सामान न खरीदें। यदि कोई व्यक्ति चोरी का सामान बेचने की नीयत से आता है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस को दें। सूचना छिपाने पर संचालक को भी चोरी का सह-आरोपी बनाया जाएगा।

 आगे भी जारी रहेगा अभियान

नॉर्थ जोन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में होने वाली चोरियों का सामान अक्सर इन कबाड़ियों के पास बेहद कम दामों में खपा दिया जाता है। जब तक खरीदार पर नकेल नहीं कसी जाएगी, तब तक चोरियों पर रोक लगाना मुमकिन नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध यार्डों की चेकिंग और कबाड़ियों के खिलाफ इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Posts