छत्तीसगढ़

किसानों को आवश्यकता अनुसार मिलेगा डीजल : अवैध भंडारण करने वालों पर होगी कार्रवाई

बलौदाबाजार| आगामी खरीफ सीजन में खेती-किसानी के कार्य के लिए ट्रैक्टर और पम्प के लिये आवश्यकता अनुसार पेट्रोल पम्प से डीजल प्रदाय किया जाएगा। पम्प के लिये डीजल जरिकेन में लेने पर किसान को केसीसी कार्ड या किसान किताब पेट्रोल पम्प में दिखाना होग़ा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों के साथ ही जिले में पेट्रोल, ड़ीजल एवं रसोई गैस की आपूर्ति व वितरण की समीक्षा की।

ईंधन लेने किसान केसीसी कार्ड या किसान किताब जरूरी

कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी, एसडीएम एवं तहसीलदारों को स्पष्ट निर्देशित किया कि कृषि, अस्पताल, मोबाइल टावर, शासकीय निर्माण कार्य में लगे मशीनरी, मुर्गी फार्म के जनरेटर आदि के लिये पेट्रोल पम्प द्वारा डीजल आवश्यकता अनुसार प्रदाय किया जाए। जरिकेन में डीजल तभी दिया जाए जब किसान केसीसी कार्ड या किसान किताब लेकर आएं। उन्होंने कहा कि कृषि कार्य के लिये किसानों को अपने विकासखण्ड अंतर्गत स्थित पेट्रोल पम्प से ही डीजल दिया जाए। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट वाले भारी वाहनो को भी डीजल देने में कोई प्रतिबन्ध नहीं है।

पेट्रोल पंपों की नियमित जांच करेंगे अधिकारी

कलेक्टर ने डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस के अवैध भंडारण, जमाखोरी या निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के लिये खाद्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को लगातर जांच व निरीक्षण करने के निर्देश दिये। उन्होंने संपर्क केन्द्र के मोबाइल नंबर को कंट्रोल रुम नंबर के रूप में 24 घण्टे संचलित करने के निर्देश दिये ताकि आमजन किसी प्रकार की शिकायत सूचना दें सकें।

लंबित प्रकरणों का शीघ्र होगा निराकरण

कलेक्टर श्री शर्मा ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि 6 से 9 माह एवं 3 से 6 माह तक लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण कराएं। इसी तरह त्रुटि सुधार के लगभग 4 हजार आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त शिकायत एवं मांग के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अभिषेक गुप्ता निशा नेताम मडावी, एसडीएम बलौदाबाजार प्रकाश चंद्र कोरी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts