भाटापारा। वृद्ध पेंशन के सहारे जीवन यापन करने वाली एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को धोखे से सुनसान रास्ते पर ले जाकर लूटने वाले चार आरोपियों को भाटापारा शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में कोई और नहीं, बल्कि वृद्धा का सगा भतीजा ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपनी प्रेमिका और दोस्तों के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
अस्पताल ले जाने का बहाना बनाकर की लूट
शहर थाना टीआई अमित पाटले से मिली जानकारी के अनुसार, नयापारा वार्ड भाटापारा निवासी प्रार्थिया हीराबाई ध्रुव 80 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात पुरुष और महिला मोटरसाइकिल से उनके पास आए। उन्होंने खुद को वृद्धा के अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार का पड़ोसी बताया और उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद वे वृद्धा को अस्पताल ले जाने का बहाना बनाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर बोडतरा रोड की ओर एक सुनसान रास्ते पर ले गए। वहां आरोपियों ने वृद्धा के गले से सोने का मंगलसूत्र जिसमें 12 पत्ती सोने का लॉकेट और 12 सोने का गेहूं दाना लगा हुआ था को झपट लिया और फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304, 61(2) और 318(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शहर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक संदेही की पहचान प्रार्थिया के भतीजे टेकूराम के दोस्त गोलू के रूप में हुई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दबिश देकर संदेही गोलू उर्फ अजय ध्रुव को हिरासत में लिया।
भतीजे ने प्रेमिका और दोस्तों के साथ रची थी साजिश
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में गोलू ने जो खुलासा किया, उसने सबको चौंका दिया। गोलू ने बताया कि वृद्धा के सगे भतीजे टेकूराम ध्रुव ने ही अपनी प्रेमिका सरिता निषाद, साथी सागर मरकाम और उसके गोलू साथ मिलकर इस पूरी लूट की योजना बनाई थी, ताकि घर के ही सदस्य के जरिए वृद्धा के पास जेवर होने की सटीक जानकारी मिल सके।
मशरूका और मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी जेल भेजे गए
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही पर पुलिस ने टेकूराम ध्रुव 35 वर्ष मुख्य साजिशकर्ता सगा भतीजा, सरिता निषाद 40 वर्ष भतीजे की प्रेमिका, अजय उर्फ गोलू ध्रुव 39 वर्ष, सागर मरकाम 30 वर्ष सभी आरोपी तिल्दा-नेवरा के निवासी के पास से अलग-अलग कुल 09.980 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। जब्त जेवरों की कुल कीमत लगभग 1,05,000 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमएल 4105 और पहचान छुपाने के लिए इस्तेमाल किया गया नीला-सफेद रंग का स्कार्फ भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई में शहर थाना प्रभारी अमित पाटले और उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






