बलौदाबाजार। जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल रंग लाने लगी है। इस हेल्पलाइन पर मिली एक सटीक सूचना के आधार पर सुहेला पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर कार से अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो शातिर कोचियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी मसाला शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है।
देर रात ग्राम साराडीह में पुलिस की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 मई की रात समाधान सेल के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली कि कुछ लोग कार के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना सुहेला की पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने ग्राम साराडीह के पास रणनीतिक घेराबंदी की और संदिग्ध मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार क्र. CG04 DX 2444 को रोककर उसकी तलाशी ली।
50 पौव शराब और कार जब्त
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाई जा रही 50 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 5,000 बताई जा रही है। पुलिस ने शराब और अवैध परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को तत्काल जब्त कर लिया। इस मामले में कुल जब्ती और आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है।
जेल भेजे गए आरोप
पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में संलिप्त दो आरोपी राहुल मिरी 26 वर्ष निवासी ग्राम साराडीह थाना सुहेला, कुशल ध्रुव 23 वर्ष निवासी ग्राम साराडीह थाना सुहेला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सुहेला में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।






