छत्तीसगढ़

कवर्धा में तीन मंजिला कपड़ा दुकान में लगी आग : लाखों का सामान जलकर खाक, शार्ट सर्किट की आशंका

कवर्धा। शहर के मुख्य बाजार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तीन मंजिला कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठतीं आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

 सामान निकालने का भी नहीं मिला मौका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के भीतर रखा कोई भी सामान बाहर निकालने का अवसर ही नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी तीन मंजिला दुकान जलकर खाक हो चुकी थी। दुकान में रखा भारी मात्रा में कपड़ा, कीमती फर्नीचर और अन्य सामग्रियां पूरी तरह नष्ट हो गईं।

पीड़ित व्यापारी बोले – शटर खोलते ही दिख रही थीं लपटें

इस हादसे में पीड़ित व्यापारी नदीम अंसारी को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित ने बताया- मैं रात करीब साढ़े नौ बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर लौटा था। कुछ ही देर बाद मुझे स्थानीय लोगों का फोन आया कि दुकान से आग की लपटें निकल रही हैं। मैं तुरंत मौके पर भागा। जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, पूरा प्रतिष्ठान आग की चपेट में आ चुका था और लपटें तेजी से बढ़ रही थीं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। हादसे की खबर मिलते ही बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। देर रात तक फायर ब्रिगेड,  पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य चलाया गया। फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटी है।

Related Posts