कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने एक साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा किया है। जिस मौत को परिजन और ग्रामीण महज एक हादसा मान रहे थे, वह असल में पूरी प्लानिंग के साथ की गई हत्या निकली। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और सहयोगियों समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट ने बदला केस का रुख
घटना एक साल पहले की है, जब मुकेश विश्वास की लाश संदिग्ध अवस्था में मिली थी। शुरुआती जांच में यह एक सामान्य दुर्घटना लग रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की बारीकी ने पुलिस का शक गहरा कर दिया।
रिपोर्ट में सामने आया कि मुकेश की मौत हाई वोल्टेज करंट लगने से हुई थी। उसकी उंगलियों और हाथों पर जलने के गहरे निशान मर्डर की ओर इशारा कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल्स और मुखबिरों के जरिए मृतक की पत्नी के परिचितों की कुंडली खंगालनी शुरू की, जिससे कत्ल की परतें एक-एक कर खुलती गईं।
अवैध संबंध और संपत्ति का लालच बना हत्या का कारण
पुलिस जांच में मृतक मुकेश विश्वास की पत्नी सरस्वती और इंद्रजीत दास के बीच अवैध संबंधों की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि मुकेश शराब के नशे में जब सो जाता था, तब उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ संबंध बनाती थी। एक रात मुकेश ने दोनों को रंगे हाथों देख लिया, जिसके बाद घर में भारी विवाद हुआ और मुकेश ने पत्नी को तलाक देने का फैसला कर लिया।
तलाक की बात सुनकर पत्नी सरस्वती को पति की संपत्ति हाथ से जाने का डर सताने लगा। उसने अपने प्रेमी रंजीत सरकार और इंद्रजीत के साथ मिलकर मुकेश को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया।
कत्ल का तरीका : शराब पिलाकर शरीर में दौड़ाया करंट
हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने मुकेश को रंजीत सरकार के खेत में बनी झोपड़ी में बुलाया। वहां सोची-समझी साजिश के तहत मुकेश को अत्यधिक शराब पिलाई गई जिससे वह बेहोश हो गया। उसके बेहोश होते ही आरोपी ट्यूबवेल मशीन में इस्तेमाल होने वाला सर्विस तार लेकर आए। नशे में धुत मुकेश के शरीर में बिजली का हाई वोल्टेज करंट दौड़ा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में टूटे आरोपी
आरोपियों ने पूरी कोशिश की कि इसे बिजली का झटका लगने वाला एक हादसा माना जाए और परिजन भी इसे सच मान बैठे थे। लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने पत्नी सरस्वती और प्रेमी इंद्रजीत दास को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी पत्नी समेत सभी 4 शातिरों को जेल भेज दिया है।






