हिरमी-रावन | बलौदाबाजार जिले के हिरमी रावण थाना क्षेत्र के ग्राम भालेसुर में घर से लगी जमीन के विवाद को लेकर एक ही परिवार के लोगों पर लाठी, डंडा और टंगिया से जानलेवा हमला करने का मामला आया है। हमले में प्रार्थी, उसके भाई और पिता को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, आधी रात किया हमला
जानकारी के अनुसार ग्राम भालेसुर निवासी करण गेंडरे (पिता खिलावन गेंडरे) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 5 जून को जमीन विवाद के चलते उनके ममेरे भाई कमलेश, रमेश, डागेश्वर और उनके साथी राकेश व सूर्यप्रकाश ने शाम करीब 6 बजे गाली-गलौज की। इसके बाद शाम 7.15 बजे आरोपियों की मां ने भी विवाद किया। जब प्रार्थी ने विरोध करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही, तो आरोपियों ने धमकी दी।
विवाद यहीं नहीं रुका, रात करीब 12.30 बजे सभी आरोपी लाठी-डंडा और टंगिया लेकर प्रार्थी के घर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे। जैसे ही परिवार के लोग बाहर निकले, आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस खूनी संघर्ष में प्रार्थी करण गेंडरे के सिर, कंधे और बाईं आंख पर गंभीर चोट आई है। वहीं उसके भाई की पीठ व भुजा और पिता खिलावन गेंडरे के गले व सिर पर प्राणघातक वार किए गए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए खरोरा के एम.आर.एम. अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रायपुर और भालेसुर से दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने 2 आरोपियों को भालेसुर से और 3 आरोपियों को रायपुर में घेराबंदी में दबोचा। इसमें कमलेश पिता उग्रसेन 38 साल, डागेश्वर पिता उग्रसेन 29 साल, रमेश पिता उग्रसेन 31 साल निवासी भालेसुर, राकेश कुमार पिता पांचू राम यादव 25 साल निवासी भनपुरी खमतराई और सूर्य प्रकाश लहरे 24 साल निवासी रावाभाटा रायपुर शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए 4 डंडे और 1 टंगिया को जब्त किया है।
अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 324(2), और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। मामले की गंभीरता और हथियारों के इस्तेमाल को देखते हुए विवेचना के दौरान इसमें धारा 191(1), 192(2), 191(3), और 190 BNS (दंगा और बलवा से संबंधित धाराएं) भी जोड़ी गईं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।






