कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने हमला कर दो मजदूरों को मौत के घाट उतार दिया। यह दुखद घटना बैकुंठपुर के पार्क परिक्षेत्र कमर्जी के अंतर्गत आने वाले एक सड़क निर्माण साइट पर बीती रात घटित हुई।
सोते समय हाथी ने किया अचानक हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक मजदूर नगर गांव के रहने वाले थे और कमर्जी क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने गए हुए थे। दिनभर काम करने के बाद, दोनों मजदूर रात के समय निर्माण साइट पर ही विश्राम (सो रहे) कर रहे थे। इसी दौरान एक विशालकाय जंगली हाथी वहां धमक पड़ा और सोते हुए मजदूरों पर अचानक हमला कर दिया। हाथी के इस हमले में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दूसरे मजदूर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वन विभाग और पुलिस मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग (विभागीय अमला) और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों और निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूरों में भारी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने आस-पास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है और ग्रामीणों को जंगल तथा निर्माण साइट्स की तरफ अकेले न जाने की हिदायत दी है।






