बेमेतरा। बेमेतरा जिले के देवकर चौकी क्षेत्र में एक नौ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल से ले जाने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सजगता और त्वरित कार्रवाई में आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे संभावित बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, देवकर चौकी से लगभग पांच किलोमीटर दूर ग्राम डंगनिया (ख) में मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे गांव के जैतखाम के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सूरजपुरा निवासी जीवन वर्मा वहां पहुंचा। उसने 500 रुपये का नोट देकर आइसक्रीम खरीदी और वहां मौजूद बच्चों में बांट दी। इसके बाद उसने एक नौ वर्षीय बच्ची को अपनी भांजी बताते हुए शेष बचे 450 रुपये उसके हाथ में थमा दिए तथा बाजार से सामान दिलाने का बहाना बनाकर जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर देवकर की ओर निकल पड़ा।
ग्रामीणों को हुआ शक, फोन कॉल से खुला राज
घटना के दौरान जैतखाम के पास मौजूद कुछ ग्रामीणों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। ग्रामीण हुमन पाल ने तत्काल बच्ची के चाचा ऋषि साहू को फोन कर पूछा कि क्या उनके यहां कोई रिश्तेदार अथवा मामा आया हुआ है। परिजनों द्वारा ऐसी किसी जानकारी से इनकार किए जाने पर ग्रामीणों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ।
दो किमी तक पीछा, गिरने के बाद दबोचा गया आरोपी
इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने बिना समय गंवाए आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। घटना स्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका और वापस गांव की ओर तेज गति से मोटरसाइकिल मोड़ दी। भागने के दौरान गांव के मोड़ के पास उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी हुई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी जीवन वर्मा पिता जयचंद वर्मा 42 वर्ष निवासी सूरजपुरा, थाना साजा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 74 तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
450 रुपये और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने बच्ची को दिए गए 450 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एलआर 3794 को जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हो चुका है अपराध
पहले भी दर्ज हो चुका है गंभीर अपराध पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी जीवन वर्मा के विरुद्ध वर्ष 2018 में खैरागढ़ थाना क्षेत्र में धारा 377 के तहत अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न का मामला भी दर्ज हो चुका है। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ गई है।






