सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और घटना के 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया है।
जान-पहचान और सूनेपन का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोर और पीड़ित बच्ची के परिवारों के बीच पहले से गहरा परिचय था। दोनों परिवार एक ही समाज से ताल्लुक रखते हैं, जिसके कारण आरोपी का पीड़ित बच्ची के घर पर अक्सर आना-जाना था। घटना के दिन घर पर सूनापन देखकर आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मासूम के साथ हुई इस बर्बरता की जानकारी जब परिजनों को हुई, तो उन्होंने तुरंत सक्ती थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर जब 14 वर्षीय किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो मामला स्पष्ट हो गया। पुलिस ने बाल न्याय अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे कोरबा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
मेडिकल जांच जारी
सक्ती जिला पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची का सक्ती के शासकीय अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। इसके साथ ही, मासूम को इस गहरे मानसिक आघात से उबारने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के विशेषज्ञों के माध्यम से उसकी उचित काउंसलिंग भी कराई जा रही है। पुलिस की विशेष जांच टीम मामले के हर कानूनी और फोरेंसिक पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।






