छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में जमीनी विवाद पर खूनी संघर्ष : लाठी-टंगिया चली, महिलाओं समेत 12 घायल, 2 गंभीर

राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ स्थित मुड़िया मोहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनबोर्ड में रविवार को 18 एकड़ कृषि भूमि का पुराना विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडों और टंगिया का उपयोग किया गया। इस हमले में दोनों पक्षों के कुल 12 लोग लहूलुहान हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोर्ट के फैसले के बाद भी नहीं मिला कब्जा, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

जानकारी के अनुसार, ग्राम बनबोर्ड में 18 एकड़ ज़मीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस मामले में न्यायालय से उनके पक्ष में फैसला आ चुका है। इसके बावजूद उन्हें जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका।

पीड़ित परिवार ने पुलिस और प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्होंने कब्ब्ज दिलाने और सुरक्षा के लिए कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जमीनी विवाद के कारण उन्हें सामाजिक बहिष्कार और लगातार मिल रही धमकियों का भी सामना करना पड़ रहा था।

खेत पहुंचते ही टंगिया और लाठियों से हमला

घटना वाले दिन पीड़ित परिवार न्यायालय के आदेश की प्रति और आवश्यक दस्तावेज लेकर अपनी जमीन पर पहुंचा था। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने गोलबंद होकर उन पर अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा। टंगिया और लाठियों के वार से दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल पीड़ितों का अस्पताल में सघन उपचार जारी है।

पीड़ितों ने मांगी सुरक्षा, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और कोर्ट के आदेशानुसार ज़मीन पर सुरक्षित कब्ज़ा दिलाने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुड़िया मोहरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश और ज़मीन के मालिकाना हक से जुड़े दावों की दस्तावेज़ी जांच की जा रही है, जिसके पूरे होते ही दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts