रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने जल्द ही सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस अभियान की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब शासन की सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचेगा।
पात्र हितग्राही सरकारी लाभ से वंचित न रहे
मुख्यमंत्री साय के अनुसार, यह अभियान प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कुल 23 जिलों में संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत राज्य सरकार की 31 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी तरह लागू (सैकुरेशन) किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य का कोई भी पात्र हितग्राही सरकारी लाभ से वंचित न रहे।
योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी हो
राज्य सरकार इस नए अभियान को पहले से बस्तर संभाग में संचालित ‘नियद नेल्लानार’ (आपका अच्छा गांव) योजना के अनुभवों और उसकी सफलता के आधार पर आगे बढ़ाएगी। ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय (कन्वर्जेंस) स्थापित किया जाएगा, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी हो सके।
पारदर्शिता पर रहेगा जोर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
अभियान में तकनीक आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था अपनाई जाएगी। साथ ही, जवाबदेह कार्यप्रणाली और विभागीय अभिसरण के माध्यम से सेवा प्रदाय की एक नई प्रणाली विकसित की जाएगी।






