छत्तीसगढ़

बिलासपुर नगर निगम के पूर्व महापौर पर 1.15 करोड़ रिश्वत का आरोप : अधिकारी निलंबित, नया राजनीतिक मोड़

बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर में वर्ष 2022 के एक कथित टेंडर को लेकर सियासी बवाल मचा है। कांग्रेस के पूर्व महापौर रामशरण यादव पर व्यापार विहार व्यावसायिक योजना के तहत सरकारी जमीन आवंटन का प्रस्ताव एमआईसी से पास कराने के नाम पर 1 करोड़ 15 लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगा है। पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपी गई एक लिखित शिकायत के वायरल होने के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है।

पढ़िये मामले की पूरी जानकारी

यह पूरा विवाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान का बताया जा रहा है। आरोप है कि नगर निगम ने व्यापार विहार क्षेत्र की छह व्यावसायिक जमीनों के आवंटन के लिए टेंडर जारी किया था। शिकायत में दावा किया गया है कि गणेश ट्रेडर्स को यह टेंडर दिलाने के एवज में करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ।

हालांकि, पूर्व महापौर रामशरण यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने और फंसाने की सोची-समझी साजिश रची जा रही है।

अधिकारी ने शिकायत से किया इनकार, कहा-यह फर्जी है

इस मामले ने तब एक नया मोड़ ले लिया, जब जिस शिकायत के आधार पर ये आरोप लगाए जा रहा हैं, वह नगर निगम के तत्कालीन संपदा अधिकारी राजेश देवांगन के नाम से सामने आई थी। लेकिन श्री देवांगन ने खुद इस शिकायत को पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने ऐसी कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उनके नाम का गलत इस्तेमाल करके यह फर्जी शिकायत तैयार की गई है। उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है और वे इस जालसाजी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

निगम प्रशासन की कार्रवाई : संपदा अधिकारी निलंबित, जांच समिति गठित

भले ही अधिकारी ने शिकायत को फर्जी बताया हो, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्कालीन संपदा अधिकारी राजेश देवांगन को निलंबित कर दिया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के नेतृत्व में एक विशेष जांच समिति का गठन किया गया है। निगम प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी।

भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी जंग

इस मामले के सामने आते ही भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। वर्तमान महापौर पूजा विधानी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय नगर निगम में जमकर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुए हैं। अब एक-एक कर सारे मामले जनता के सामने आ रहे हैं और इसकी पूरी सच्चाई सामने आकर रहेगी।

Related Posts