छत्तीसगढ़

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने गिरजाशंकर स्कूल में किया जमकर हंगामा : पूर्व मंत्री से बोले आपसे मिलने नहीं आए

रायपुर। राजधानी के रायपुरा स्थित गिरजाशंकर स्कूल में शुक्रवार को शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। ऑडिटोरियम की मांग को लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं की स्कूल स्टाफ और पुलिस से तीखी झड़प हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर फायर-एक्सटिंग्विशर अर्थात अग्निशामक यंत्र तक फेंक दिया। बीच-बचाव और धक्का-मुक्की में दो व्याख्याताओं सहित तीन स्कूल कर्मी घायल हो गए।

ऑडिटोरियम के हैंडओवर को लेकर था विवाद

जानकारी के मुताबिक, एबीवीपी कार्यकर्ता स्कूल के ऑडिटोरियम को उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। इससे पहले गुरुवार को भी वे स्कूल पहुंचे थे, तब प्रबंधन ने स्पष्ट किया था कि ऑडिटोरियम अभी हैंडओवर नहीं हुआ है, इसलिए उसे नहीं दिया जा सकता। शुक्रवार को जब स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों की मौजूदगी में शाला प्रवेशोत्सव चल रहा था, तभी 15 से 20 कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

 पूर्व मंत्री व विधायक राजेश मूणत से की बहस

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत जब मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं को समझाने पहुंचे, तो प्रदर्शनकारी उनसे ही बहस करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ कार्यकर्ताओं ने विधायक से दोटूक शब्दों में कहा हम आपसे मिलने नहीं आए हैं, हमसे ऐसे बात मत करिए।

इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मौके पर तैनात पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो कार्यकर्ता मुख्य गेट पार कर अंदर घुस गए। इस दौरान पुलिस पर फायर-एक्सटिंग्विशर फेंकने का भी आरोप लगा है।

 धक्का-मुक्की में शिक्षक घायल

कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोकने के दौरान स्टाफ के साथ जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसमें व्याख्याता डॉ. शबा कुरैशी, व्याख्याता हेमंत तिवारी और कर्मचारी शेख अजीम सिद्दकी को चोटें आई हैं, जिनमें से एक महिला और एक पुरुष शिक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

डीडी नगर थाने में एफआईआर दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी गौतमचंद्र गावड़े ने बताया कि घायल शिक्षकों की लिखित शिकायत के आधार पर एबीवीपी कार्यकर्ता सुजल गुप्ता, संकल्प राज कमल, आशीष सिन्हा, मन साहू, मोक्ष कुमार और अन्य के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts