रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 4 और शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, सिरप और नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में अब तक कुल 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है और उनसे 16.15 लाख रुपए से अधिक का नशीला सामान जब्त किया गया है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने करीब 10.70 लाख रुपए की ड्रग्स बरामद की है।
बैग से निकला मौत का सामान, क्या-क्या हुआ जब्त?
पुलिस ने नाकेबंदी कर जब आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके बैग से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुईं। जिसमें 3 किलो गांजा, 2,000 प्रतिबंधित टैबलेट नाइट्रोटेन, 30 बोतल नशीली कफ सिरप कोडिन, 300 नग सिरिंज और नकदी जब्त किया गया।
मेरठ के अभिषेक से खुला ओडिशा-यूपी कनेक्शन
इस पूरे रैकेट का खुलासा तब हुआ जब बीती 30 जून को गंज थाना पुलिस ने मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले अभिषेक कुमार को 10.710 किलो गांजा के साथ दबोचा था। कड़ी पूछताछ में अभिषेक ने उगला कि यह गांजा ओडिशा से तस्करी कर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
इस इनपुट के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस ने मिलकर जाल बिछाया। पुलिस को खबर मिली कि गिरोह के बाकी सदस्य माल की डिलीवरी और लेन-देन के लिए दोबारा रायपुर आने वाले हैं।
घेराबंदी कर दबोचे गए 4 नए तस्कर
सटीक सूचना के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन और गंज थाना इलाके के आसपास घेराबंदी की और 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों में किशोर साहू निवासी ओडिशा, अजय विश्वकर्मा महासमुंद, शुभम साहू उर्फ बऊ- महासमुंद, प्रिंस प्रजापति निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
मास्टरमाइंड को मिल चुकी है 20 साल की सजा, हाईकोर्ट से बेल पर आते ही फिर शुरू किया धंधा
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस गिरोह का मुख्य सरगना ओडिशा निवासी किशोर साहू एक आदतन और बेहद शातिर ड्रग तस्कर है। उसे पहले भी महासमुंद की एक अदालत ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी पाते हुए 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, वह हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत (बेल) पर बाहर आया था और जेल से छूटते ही उसने फिर से छत्तीसगढ़, ओडिशा और यूपी को जोड़ने वाला नशा नेटवर्क खड़ा कर लिया।






