कसडोल| कसडोल क्षेत्र अंतर्गत तुरतुरिया स्थित मातागढ़ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे करीब 250 श्रद्धालु अचानक संकट में घिर गए। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तुरतुरिया स्थित बालमदेही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर बाढ़ जैसी स्थित बन गई। जिससे मंदिर तक पहुंचने और लौटने वाला मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। नदी के उफान पर आने से श्रद्धालु पहाड़ी पर ही फंस गए और चारों ओर पानी भर जाने से हालात गंभीर हो गए।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, लौटने का रास्ता हुआ बंद
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों रविवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए तुरतुरिया मंदिर पहुंचे थे। भक्तों ने सुबह के समय सूखी बालमदेही नदी को पार कर पहाड़ी स्थित माता गढ़ में पूजा-अर्चना की। मंदिर में दोपहर तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक मौसम ने करवट बदला और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण नदी का जलस्तर देखते ही देखते बढ़ गया और तेज बहाव के कारण नदी पार करना असंभव हो गया। इससे करीब 250 भक्त मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में फंस गए और सुरक्षित बाहर निकलना संभव नहीं रहा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना पुलिस और नगर सैनिक द्वारा कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंच कर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव देखते हुए पुलिस ने जोखिम उठाने के बजाय जंगल के वैकल्पिक मार्ग से श्रद्धालुओं को निकालने की योजना बनाई।
2 से 3 किमी पैदल चलकर सुरक्षित निकाले गए श्रद्धालु
रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे समूहों में बांटा और नदी किनारे से लगभग 2 से 3 किलोमीटर लंबे दुर्गम जंगल के रास्ते पैदल सुरक्षित स्थान (ठाकुरदिया) तक पहुंचाया गया। पूरे अभियान में पुलिसकर्मी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का सहारा बने रहे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
7 घंटे तक चला अभियान, सभी श्रद्धालु सुरक्षित
तकरीबन सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर शाम तक सभी 250 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी श्रद्धालु को कोई चोट या अन्य नुकसान नहीं पहुंचा। सुरक्षित बाहर आने के बाद श्रद्धालुओं ने पुलिस और प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, कहा कि आने वाले दिनों में बढ़ते बारिश की संभावना को देखते हुए तुरतुरिया जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में न जाये व जाने से पहले स्थानीय प्रशासन को सूचित अवश्य करें।






