छत्तीसगढ़

बलरामपुर में आकाशीय बिजली का कहर : मां-बेटी की मौत, तेज बारिश से कई घरों में घुसा पानी

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जिले के कई रिहायशी इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों के लिए प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों सहित कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

खेत में काम करने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मां अपनी बेटी के साथ खेत में थी। अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे उन पर आ गिरी, जहाँ मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

घरों में भरा पानी, अनाज और कीमती सामान बर्बाद

बलरामपुर और आसपास के इलाकों में बीते कुछ घंटों से हो रही लगातार बारिश आफत बनकर बरसी है। स्थिति यह है कि निचले इलाकों और बस्तियों के कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया है।अचानक पानी घुसने से लोगों के घरों में रखा अनाज, राशन और कीमती फर्नीचर पूरी तरह भीगकर बर्बाद हो गया है। कई सड़कों और रास्तों के जलमग्न होने से संपर्क टूट गया है, जिससे लोग अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

Related Posts