छत्तीसगढ़

खेत के विवाद में चाचा से मारपीट : सगे भतीजे सहित दो के खिलाफ मामला दर्ज

बालोद। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीपरछेड़ी में खेत के विवाद को लेकर दो युवकों द्वारा एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सगे भतीजे सहित दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हुआ हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पीपरछेड़ी निवासी पीड़ित चेतन लाल साहू अपने भतीजे धनंजय साहू के घर आयोजित छट्ठी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात्रि में खाना खाने के बाद जब वे गांव के सामुदायिक भवन के पास बैठे हुए थे, तभी उनके भाई का लड़का भतीजा ढालेश्वर साहू पिता बिम्बू साहू और उसका साथी डिलेन्द्र कुमार पिता देवंश कुमार साहू वहां पहुंच गए।

पुरानी रंजिश और खेत की मुही को लेकर विवाद

पीड़ित चेतन लाल साहू ने बताया कि आरोपियों के साथ खेत की मुही को लेकर पूर्व में भी वाद-विवाद हो चुका था। इसी पुरानी रंजिश को पालकर दोनों आरोपियों ने सामुदायिक भवन के पास पीड़ित को अकेला पाकर पहले गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस बेरहम मारपीट के कारण पीड़ित चेतन लाल साहू के सिर, दाहिनी आंख के नीचे, दाहिने हाथ की कोहनी, बाएं कान और दोनों पैरों के घुटनों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Related Posts