छत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली का कहर : 5 वर्षीय मासूम समेत 3 की मौत, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डुमकी पंचायत के खुटापारा गांव में सोमवार को प्रकृति का एक ऐसा कहर टूटा, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 5 वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 साल का एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया है।

आम बीनने गए बच्चे और बैल चरा रहा युवक आया चपेट में

जानकारी के अनुसार, सोमवार को क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी। इसी दौरान खुटापारा गांव के दो मासूम बच्चे पास के ही स्कूल मैदान में पेड़ से गिर रहे आम को बीनने के लिए गए हुए थे। उसी वक्त तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे बच्चों पर आ गिरी।

इस हादसे के दौरान ही पास में एक युवक भी अपने बैलों को चरा रहा था, जो कि इसी बिजली की चपेट में आ गया। गाज गिरने की इस भीषण घटना में 5 वर्ष और 9 वर्ष के दो मासूम बच्चों समेत बैल चरा रहे युवक की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं पास में मौजूद 12 वर्ष का एक अन्य बच्चा इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में घायल बच्चे का इलाज जारी, गांव में पसरा मातम

दिल दहला देने वाले इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही खुटापारा गांव में फैली, चारों तरफ मातम पसर गया। एक साथ तीन मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन ने दिया सहायता का आश्वासन

हादसे की सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और शासन के नियमानुसार मृतकों के आश्रितों को हर संभव आर्थिक और तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Related Posts