रायपुर। रायपुर नगर निगम क्षेत्र के करदाताओं के लिए आज बेहद महत्वपूर्ण दिन है। वित्त वर्ष 2025-26 के देय संपत्तिकर को एकमुश्त जमा कर भारी छूट पाने का आज 30 जून आखिरी मौका है। नगर निगम ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे समय सीमा समाप्त होने से पहले आज ही अपना टैक्स जमा करें और नियमानुसार मिलने वाली अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ उठाएं। कल से यह छूट मिलना बंद हो जाएगी।
आखरी तारीख से ठीक पहले उमड़े करदाता, एक दिन में 1.55 करोड़ की वसूली
छूट की अंतिम तिथि नजदीक आते ही नगर निगम के राजस्व विभागों में टैक्स जमा करने वालों की भारी भीड़ देखी जा रही है। अंतिम तारीख से ठीक एक दिन पहले, सोमवार 29 जून को निगम ने विशेष अभियान चलाकर रिकॉर्ड रिकवरी की। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर सभी जोनों में चले इस महा-अभियान के तहत केवल एक दिन में 1070 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपये का टैक्स वसूला गया।
अब व्यावसायिक संपत्तियों पर रहेगी नजर, शुरू होगी विशेष जांच
निगम आयुक्त ने केवल टैक्स वसूली तक ही सीमित न रहने के निर्देश दिए हैं। राजस्व को और बढ़ाने के लिए नगर निगम ने अब एक नया प्लान तैयार किया है। इसके तहत सभी जोनों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित व्यावसायिक संपत्तियों की धरातल पर जाकर कड़ाई से जांच करें। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि कहीं कमर्शियल स्पेस का उपयोग करने वाले लोग आवासीय दर पर तो टैक्स नहीं पटा रहे हैं। जांच के बाद सही टैक्स का निर्धारण कर बड़े बकायेदारों से वसूली तेज की जाएगी।
आज ही जमा करने पर मिलेगा 6.25% डिस्काउंट
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जो भी करदाता आज यानी 30 जून के कार्यालयीन समय या ऑनलाइन माध्यम से रात तक अपने चालू वित्तीय वर्ष के प्रॉपर्टी टैक्स का पूरा भुगतान कर देंगे, उन्हें ही 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। निगम ने नागरिकों से अंतिम घंटों की तकनीकी दिक्कतों और भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द भुगतान करने को कहा है।






