बलौदाबाजार। विद्युत विभाग का काम करने जा रहे ठेकेदार के कर्मचारियों की पिकअप गाड़ी उफनते खोरसी नाले में गिर गई। हादसे में तीन कर्मचारियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और ग्रामीणों की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा बाजार विद्युत मंडल में देर रात ग्राम पंचायत अचानकपुर में विद्युत अवरोध की सूचना मिलने पर ठेकेदार के चार कर्मचारी पिकअप से मौके पर जा रहे थे। रास्ते में खोरसी नाले पर बने एनीकट को पार करते समय तेज बहाव के कारण वाहन अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया। वाहन में सवार तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन कार्तिक धुव तेज बहाव में लापता हो गया।
विद्युत विभाग के डीई आदित्य ठाकुर ने बताया कि रात करीब दो बजे अचानकपुर से बिजली बाधित होने की सूचना मिली थी। विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए ठेकेदार के चार कर्मचारी भेजे गए थे। रास्ते में एनीकट पर वाहन पलट गया। तीन कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी की तलाश जारी है।
पूर्व विधायक प्रमोद भी खोजबीन में जुटे रहे
पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा स्वयं ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और लापता कर्मचारी कार्तिक धुव की तलाश में जुटे रहे। उन्होंने ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते हुए एसडीआरएफ टीम के साथ पिकअप वाहन को बाहर निकालने में भी सहयोग किया। साथ ही एसडीएम के साथ मोटरबोट से नाले में तलाश अभियान चलाया।

एसडीएम ने मोटरबोट से किया निरीक्षण
बलौदाबाजार एसडीएम प्रकाश कोठी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम के साथ मोटरबोट से खोरसी नाले में लगभग 10 किलोमीटर तक खोजबीन कराई। उन्होंने प्रशासनिक अमले को लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केवट सहित एसडीआरएफ की टीम मौजूद रही।
लापता युवक की सूचना देने गांवों में करायी गई मुनादी
एसपी ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम भी लापता कर्मचारी कार्तिक ध्रुव की तलाश में जुटी हुई है। नाले के किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है।






