धमतरी। नौतपा की दस्तक के बीच पड़ रही भीषण गर्मी और सूखी घास के कारण जिले में आगजनी की घटनाएं लगातार पैर पसार रही हैं। शनिवार को धमतरी जिले के अर्जुनी थाना परिसर के समीप एक बड़ा हादसा हो गया। यहां विभिन्न मामलों में जब्त और कबाड़ हो चुके प्रतिबंधित वाहनों में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई।
देखते ही देखते आग की लपटों ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि करीब 5 एकड़ का खुला मैदान इसकी चपेट में आ गया। आग की गगनचुंबी लपटें पास ही स्थित प्रतिष्ठित स्वामी आत्मानंद स्कूल और अजाक थाना परिसर तक पहुंच गईं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई।
जलकर खाक हुए वाहन
मिली जानकारी के अनुसार, थाना परिसर के पास खुले मैदान में कई सालों से जब्त की गई पुरानी गाड़ियां, कंटेनर और कंडम वाहन कतार में खड़े थे। मैदान में चारों तरफ बड़ी-बड़ी सूखी घास उगी हुई थी। माना जा रहा है कि तेज धूप और गर्मी के कारण सबसे पहले सूखी घास में चिंगारी भड़की, जो तेज हवाओं के साथ फैलते हुए वाहनों तक पहुंच गई। गाड़ियों में मौजूद टायर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से भड़क उठी। इस हादसे में चार बड़े कंटेनर और एक ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
3 दमकल गाड़ियां और 3 घंटे की मशक्कत
मैदान से उठते काले धुएं के गुबार और लपटों को देख थाना स्टाफ ने तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर तत्काल तीन दमकल वाहनों को रवाना किया गया। अग्निशमन दल और स्थानीय पुलिस कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते दमकल की गाड़ियों ने आग को चारों तरफ से घेर लिया, जिससे आग की लपटों को आत्मानंद स्कूल की मुख्य बिल्डिंग में प्रवेश करने से रोक दिया गया, अन्यथा एक बहुत बड़ी और भयावह त्रासदी हो सकती थी।






