कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। आग इतनी भयानक है कि आसमान में दूर से ही धुएं का काला गुबार देखा जा सकता है। पटाखों के लगातार हो रहे जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा है और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं, पेंड्रा में भी एक मालगाड़ी में आग लगने की घटना सामने आई है।
कटघोरा के ‘शर्मा पटाखा गोदाम’ में मची तबाही
जानकारी के अनुसार, यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामपुर इलाके की है। यहां स्थित शर्मा पटाखा गोदाम में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। भीतर रखे पटाखों में सिलसिलेवार ब्लास्ट हो रहे हैं, जिसके कारण रेस्क्यू टीम को भी शुरुआत में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राहत और बचाव कार्य जारी, बुलाई गईं कई दमकलें
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कवायद शुरू की गई। हालांकि, आग की भयावहता और भीषण लपटों को देखते हुए आस-पास के अन्य क्षेत्रों से भी दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया है।
घटनास्थल पर कटघोरा पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के लिहाज से लोगों को गोदाम से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है। फिलहाल आग लगने का असल कारण अज्ञात है और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।






