छत्तीसगढ़

NEET परीक्षा के लिये रायपुर में बनाये गये 25 केंद्र : 9,050 छात्र होंगे शामिल  

रायपुर। पेपर लीक होने के बाद दोबारा आयोजित होने जा रही नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट NEET की पुनःपरीक्षा के लिए रायपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के लिए रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9 हजार 50 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियों और अंधड़-बारिश की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने सभी केंद्रों में अनिवार्य रूप से जनरेटर (डीजी सेट) की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं ताकि बिजली गोल होने पर भी परीक्षा में कोई बाधा न आए।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बुधवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को लेकर केन्द्राध्यक्षों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

 बिजली-पानी से लेकर वीडियोग्राफर तक की व्यवस्था अनिवार्य

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि परीक्षा के सफल संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केन्द्राध्यक्षों को परीक्षा केन्द्रों में निम्नलिखित व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा है:

प्री-मानसून की वजह से बिजली गुल होने की स्थिति से निपटने के लिए हर केंद्र पर जनरेटर की व्यवस्था रहेगी। सभी कमरों में पर्याप्त फर्नीचर, पंखे, पीने का साफ पानी, वॉशरूम की मुकम्मल सफाई और पार्किंग की सुचारू व्यवस्था। हर केंद्र में दीवाल घड़ी, अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफर और साउंड सिस्टम की उपलब्धता। प्रश्न-पत्र की सील बंद पेटी को सुरक्षित रखने के लिए परीक्षा केंद्रों में अलग से एक ‘स्ट्रांग रूम’ बनाया जाएगा।

 आधे घंटे पहले बंद हो जाएंगे मुख्य द्वार, मेडिकल टीम रहेगी तैनात

नीट परीक्षा का समय दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके ठीक बाद मुख्य द्वार को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी परिस्थिति में एंट्री नहीं मिलेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र में सघन चेकिंग के लिए फ्रिस्किंग टीम और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष मेडिकल टीम तैनात रहेगी।

कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने किया केंद्रों का  निरीक्षण

बैठक के बाद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने प्रशासनिक अमले के साथ खुद कई परीक्षा केंद्रों का धरातल पर निरीक्षण किया। उन्होंने संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शासकीय प्राथमिक शाला बैरन बाजार, छत्तीसगढ़ कॉलेज और प्रो. जेएन पांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित कई प्रमुख शासकीय विद्यालयों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

Related Posts