बलौदाबाजार। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र तथा गली-मोहल्लों में अवैध रूप से संचालित मांस, मछली, मुर्गा एवं मटन विक्रय दुकानों के खिलाफ नगर पालिका ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
इस संबंध में 10 जून को आयोजित नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था, जिसके तहत नगर के भीतर अनियमित रूप से संचालित मांस, मछली व मुर्गा विक्रय दुकानों को हटाने का निर्णय लिया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि मांस, मछली एवं मटन विक्रेताओं के लिए नगर पालिका द्वारा पूर्व से ही निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित बाजार एवं दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं। सभी दुकानदारों को वहीं से अपना व्यवसाय संचालित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों, अंबेडकर चौक, रायपुर मार्ग, बाजार क्षेत्र तथा रिहायशी मोहल्लों में खुलेआम मांस काटने एवं विक्रय करने से आसपास गंदगी फैलती है, दुर्गंध के कारण आम नागरिकों को परेशानी होती है तथा संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
अस्थायी दुकानों में अब भी जारी है मांस-मछली की बिक्री
उन्होंने कहा कि नगर में कई स्थानों पर ठेलों एवं अस्थायी दुकानों के माध्यम से मांस, मछली एवं मुर्गे का विक्रय किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। इसके अलावा शराब दुकानों के आसपास संचालित अवैध चिकन सेंटरों को लेकर भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों से गंदगी बढ़ने के साथ यातायात और आसपास के वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के लिए जरूरी
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि परिषद के निर्णय के अनुरूप संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्धारित स्थल के अलावा अन्य स्थानों पर मांस, मछली एवं मुर्गा विक्रय करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर में स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान चलाकर अवैध दुकानों को हटाया जाएगा।






