छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्ग में जल संरक्षण और जनसेवा की अभिनव पहल

तांदुला जल संसाधन संभाग द्वारा आयोजित अभियान का उद्देश्य शिवनाथ नदी के तटवर्ती पर्यावरण का संरक्षण, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना, हरित आवरण का विस्तार तथा जल संसाधनों के सतत एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति सामुदायिक उत्तरदायित्व को मजबूत करना रहा। अधीक्षण अभियंता सह कार्यपालन अभियंता श्री आशुतोष सारस्वत के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी श्री गौरव सिंह, श्री रोहन शॉ एवं श्री कुलेश्वर जोशी सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर नदी तट एवं आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य ठोस अपशिष्ट की सफाई की। कार्यक्रम में नगर निगम दुर्ग के सभापति श्री श्याम शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

अभियान के दौरान शिवनाथ नदी तट पर वृक्षारोपण कर हरित आवरण के संवर्धन का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नदी तट पर वृक्षारोपण मृदा अपरदन को नियंत्रित करने, सतही जल के बहाव को विनियमित करने, तटीय स्थायित्व बढ़ाने तथा स्थानीय जैव-विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीणों एवं नागरिकों को जल संरक्षण के व्यापक स्वरूप से अवगत कराते हुए वर्षाजल संरक्षण, स्थानीय जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण, जल उपयोग दक्षता तथा जल स्रोतों में कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। नागरिकों ने स्वच्छता एवं वृक्षारोपण गतिविधियों में सहभागिता कर जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इसी क्रम में नगर निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र में ‘समस्या का समाधान आपके द्वार’ की भावना के साथ 23 सितम्बर से 8 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पंचशील नगर एवं गया बाई प्राथमिक शाला, गया नगर में एक साथ आयोजित शिविरों में 12 वार्डों के नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पहले दिन नागरिकों द्वारा विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए तथा जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

सेवा सेतु शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, विद्युत विभाग, जलघर एवं पंजीयन काउंटर सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने के बजाय एक ही स्थान पर आवश्यक शासकीय सेवाएं और योजनाओं की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Related Posts