छत्तीसगढ़

जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में 02 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन

कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 02 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय गरियाबंद के पुलिस ग्राउंड में एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन के संबंध में आवश्यक बैठक ली। कलेक्टर श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष प्रदर्शनी की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” होगी।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि राज्योत्सव स्थल पर विभागीय स्टॉल, मंच, बैठक व्यवस्था, विद्युत, साउंड सिस्टम, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। विभागीय प्रदर्शनी में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। स्टॉलों में एकरूपता बनाए रखने के लिए समान डिजाइन एवं आकार के फ्लेक्स लगाए जाएं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।

राज्योत्सव के अवसर पर स्कूल एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शालीन एवं गरिमामय रखने तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों, अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था करने को कहा। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस तथा अन्य आवश्यक आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित किया जाएगा।

राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 01 नवंबर से 03 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रात्रि जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों एवं अन्य स्थलों पर रोशनी की जाएगी। संबंधित विभागों को भवनों में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था करने तथा “सशक्त नारी, युवा उड़ान” की थीम को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। निजी संस्थानों को भी स्थापना दिवस के अवसर पर रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस व्यवस्था पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।

कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय से निर्वहन करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर है। इसलिए आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।

Related Posts