छत्तीसगढ़

बाइक स्टंट का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला और मारपीट, आरोपी रिंकू वर्मा गिरफ्तार, भेजा गया जेल

भाटापारा। सड़कों पर खतरनाक तरीके से बाइक लहराकर स्टंट करने और इसका विरोध करने पर धारदार हथियार से डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम देवरी में स्टंटबाजी का विरोध करने पर एक युवक से मारपीट और गाली-गलौज करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शिकायतकर्ता सीताराम निषाद 23 वर्ष निवासी ग्राम देवरी ने भाटापारा ग्रामीण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे वह अपने दोस्तों सुरेन्द्र निषाद और सहदेव निषाद के साथ बाइक से भाटापारा से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के दामादपारा में बरगद पेड़ के पास गांव का ही निवासी देवेंद्र उर्फ रिंकू वर्मा अपनी बाइक से खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए और गाड़ी लहराते हुए आ रहा था।

जब सीताराम ने उसे इस तरह से गाड़ी चलाने से मना किया, तो आरोपी रिंकू वर्मा आक्रोशित हो गया। उसने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर लहराते हुए डराने लगा। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी के साथ हाथ-मुक्के से जमकर मारपीट की, जिससे सीताराम के दाहिने हाथ, कमर, पीठ और गाल पर चोटें आईं। मौके पर मौजूद शिवा निषाद, शंकर निषाद, संतराम निषाद, गोपाल निषाद ने बीच-बचाव कर प्रार्थी की जान बचाई।

आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज, चाकू जब्त

प्रार्थी की रिपोर्ट पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और विवेचना में लिया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू विधिवत जब्त कर लिया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

आरोपी भेजा गया जेल

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण के आरोपी देवेंद्र उर्फ रिंकू वर्मा 22 वर्ष पिता गंगाराम वर्मा, निवासी ग्राम देवरी को 9 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को जेएमएफसी न्यायालय भाटापारा के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा की चेतावनी

सड़कों पर खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट कर आम जनता की जान जोखिम में डालने वालों और छोटी-छोटी बातों पर हथियार चमकाकर गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Related Posts