छत्तीसगढ़

रायपुर में लक्ष्य ज्वेलर्स से 1 करोड़ के जेवरात पार : कटर से ताले काटकर शोरूम में घुसे चोर 

रायपुर। राजधानी के पॉश इलाके खम्हारडीह में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती दी है। विधानसभा रोड स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में सेंधमारी कर अज्ञात चोरों ने लगभग एक करोड़ मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

रविवार की छुट्टी का फायदा उठाया

जानकारी के अनुसार यह वारदात शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12.30 बजे हुई। चोरों ने चालाकी से शोरूम में प्रवेश किया और करीब एक करोड़ की ज्वेलरी समेटकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद रहने के कारण मालिक को चोरी की भनक नहीं लगी।

सोमवार सुबह खुला राज

चोरी का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ जब शोरूम संचालक ने दुकान खोली। अंदर का नजारा देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए, अलमारियां खाली थीं और कीमती जेवरात गायब थे। तत्काल इसकी सूचना खम्हारडीह थाना पुलिस को दी गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह प्रतीत हो रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने संभवतः रेकी की थी और उन्हें शोरूम के सुरक्षा तंत्र की जानकारी थी। पुलिस की फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस शोरूम और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।

 

Related Posts