रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाले के आरोपी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने 3 साल तक फरार रहने के बाद आखिरकार सरेंडर कर दिया है। बुधवार को उन्होंने रायपुर स्थित आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा के दफ्तर पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 17 जुलाई तक EOW की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है।
कोर्ट ने दी 9 दिनों की रिमांड, बचाव पक्ष की दलील
बचाव पक्ष के वरिष्ठ वकील फैजल रिजवी ने बताया कि EOW ने कोर्ट से 14 दिनों की रिमांड मांगी थी। लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 9 दिनों की कस्टोडियल रिमांड मंजूर की है। इस दौरान EOW की टीम रामगोपाल अग्रवाल से घोटालों के पैसों के लेन-देन को लेकर कड़ाई से पूछताछ करेगी।
पूर्व सीएम के बेटे भी पहुंचे कोर्ट, खुद को बताया अभियुक्त
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल भी कोर्ट परिसर पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने इस मामले में मीडिया से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा, मैं भी इस केस में अभियुक्त हूं, इसलिए मैं इस विषय पर कुछ नहीं कह सकता।
राजीव भवन तक पैसा पहुंचाने का दावा
EOW की जांच और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर रामगोपाल अग्रवाल पर तीन बड़े घोटालों का पैसा कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन कांग्रेस भवन तक मंगवाने का गंभीर आरोप है। मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी की जब्त डायरी में कांग्रेस भवन के नाम पर करोड़ों रुपए की एंट्री मिली है। EOW का दावा है कि यह रकम रामगोपाल अग्रवाल के जरिए ही वहां पहुंची थी। एजेंसी का आरोप है कि अनवर ढेबर और उसके सिंडिकेट के लोगों ने करोड़ों रुपए की अवैध कमाई राजीव भवन में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाई। कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला मामले में भी रोशन चंद्राकर द्वारा करोड़ों रुपए कांग्रेस भवन में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाने का दावा किया गया है।
EOW मुख्य रूप से इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह पैसा कहां से आया, किसने पहुंचाया, किसने रिसीव किया और इस भारी-भरकम रकम का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया। इसके लिए जब्त डायरियों, डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।
बेटे वैभव अग्रवाल से भी 2 दिन तक हुई पूछताछ
रामगोपाल अग्रवाल के पिछले 3 सालों से फरार रहने के दौरान उनके ठिकानों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी दो दिनों तक लंबी पूछताछ की है। अधिकारियों ने वैभव से उनके पिता के आर्थिक लेन-देन और कथित मददगारों के बारे में सवाल किए।
कल कांग्रेस करेगी राज्यव्यापी प्रदर्शन
रामगोपाल अग्रवाल के सरेंडर और रिमांड के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस शुक्रवार पूरे प्रदेशभर में उग्र प्रदर्शन करने जा रही है।






