छत्तीसगढ़

नारायणपुर के जंगल में सर्चिग : BGL लॉन्चर और गन सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद

नारायणपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। मसपुर-गुडरापाल के घने जंगल क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए देसी बीजीएल (BGL) लॉन्चर, बीजीएल गन, 12 बोर राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस बल और बीएसएफ  133वीं वाहिनी की ‘ई’ कंपनी द्वारा कैंप मसपुर के आसपास के संवेदनशील वन क्षेत्रों में संयुक्त रूप से विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। सुरक्षा बलों ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की और सावधानीपूर्वक तलाशी ली, जहां से डंप किए गए हथियारों का यह जखीरा बरामद हुआ।

पूर्व में छिपाकर रखी गई थी खेप

शुरुआती जांच और इन हथियारों की स्थिति को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि नक्सलियों ने इस युद्धक सामग्री को काफी समय पहले ही जंगल में छिपाकर (डंप) रख दिया था। लेकिन सुरक्षा बलों की निरंतर मुस्तैदी और गहन सर्चिंग के कारण माओवादियों के इस गुप्त ठिकाने का भंडाफोड़ हो गया।

बरामद की गई युद्धक सामग्रियों में देसी बीजीएल (BGL) लॉन्चर 1 नग, बीजीएल (BGL) गन 07 नग, 12 बोर राइफल 01 नग, 12 बोर जिंदा राउंड 37 नग, बिजली का तार (वायर) 15 मीटर, पाउच (सैनिकों द्वारा उपयोग किया जाने वाला) 05 नग शामिल है।

Related Posts