अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बगडोली में खसरे के एक साथ छह मामले सामने आया है। बच्चों में इस खतरनाक संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रभावित क्षेत्र में विभाग द्वारा कड़ी निगरानी राखी गई है और डॉक्टरों की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम का घर-घर सर्वे शुरू
संक्रमण की भनक लगते ही जिला स्वास्थ्य प्रशासन के निर्देश पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की एक विशेष टीम तत्काल बगडोली गांव पहुंची। टीम द्वारा प्रभावित इलाके में युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही, संक्रमित बच्चों के संपर्क में आए अन्य बच्चों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस संक्रामक बीमारी को गांव में आगे फैलने से रोका जा सके।
बिना टीकाकरण वाले बच्चों पर मंडरा रहा खतरा
स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, जिन बच्चों का नियमित रूटीन टीकाकरण अधूरा रह गया है या जिन्हें खसरे का टीका नहीं लगा है, उनमें इस संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा होता है। विभाग अब गांव के ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर रहा है जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है, ताकि उन्हें विशेष निगरानी में रखकर सुरक्षित किया जा सके।
अभिभावकों के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवायजरी
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है।अधिकारियों की अपील है कि अपने बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, कोई भी खुराक न छोड़ें। यदि किसी भी बच्चे में तेज बुखार, शरीर पर लाल दाने या चकत्ते, आंखें लाल होना या लगातार खांसी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे सामान्य मानकर लापरवाही न बरतें।ऐसे लक्षण दिखने पर बच्चे को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं या स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (मितानिन) को सूचित करें।






