बिलासपुर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिनौरी मोड़ के पास सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों घर में होने वाली शादी के लिए दहेज का सामान टीवी खरीदने मल्हार जा रहे थे।
आमने-सामने की टक्कर
जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहर्सी निवासी बरन भानु 50 वर्ष अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ गुरुवार दोपहर स्कूटी CG 22 AE 0512 से मल्हार जा रहे थे। तभी बिनौरी मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा CG 22 J 8196 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और डायल-112 की टीम ने घायलों को पहले मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल रेफर किया गया। यहाँ इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया, जबकि बंशी श्रीवास की हालत नाजुक बनी हुई है।
चालक फरार, हाइवा जब्त
हादसे के बाद आरोपी हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पचपेड़ी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस घटना के बाद से शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।






